देश की खबरें | ओडिशा: ईडी ने कथित ठग की ऑडी कार जब्त की

नयी दिल्ली, 22 मई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि उसने ओडिशा में रहने वाले कथित जालसाज ज्योति रंजन बेउरा उर्फ गोल्डन बाबा के खिलाफ धनशोधन मामले की जांच के दौरान 51 लाख रुपये की कीमत वाली ‘ऑडी’ कार जब्त की है।

एजेंसी ने अप्रैल के अंतिम सप्ताह में जर्मनी की आलीशान कार निर्माता कंपनी ‘ऑडी’ के ‘क्यू5’ मॉडल की कार बरामद की थी।

कथित जालसाज के खिलाफ धनशोधन का मामला आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की प्राथमिकी और ओडिशा पुलिस के आरोप पत्र से संबंधित है। पुलिस के आरोप पत्र में बेउरा पर राज्य के कुछ कारोबारियों को 5.50 करोड़ रुपये का ऋण प्रदान करने के एवज में धोखाधड़ी करने का आरोप है।

ईडी ने एक बयान में कहा कि ज्योति ट्रेडिंग कंपनी के मालिक की हैसियत से, ज्योति रंजन बेउरा ने अपने व्यवसाय में वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए विभिन्न व्यक्तियों और संस्थाओं के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए थे और अग्रिम राशि के रूप में "अपराध से अर्जित धनराशि" प्राप्त की थी। आरोप है कि उसने जाली और मनगढ़ंत दस्तावेजों के माध्यम से अग्रिम राशि “गबन” करके धोखाधड़ी की।

बेउरा पर इस कृत्य के माध्यम से प्राप्त धन को ज्योति ट्रेडिंग कंपनी और उसके द्वारा नियंत्रित कुछ अन्य कंपनियों के नाम पर खोले गए विभिन्न खातों में “डालने” का आरोप है।

इससे पहले ईडी ने बेउरा के नाम पर बने तीन खातों में जमा 50.47 लाख रुपयों के लेनदेन पर रोक लगा दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)