देश की खबरें | ओडिशा उपचुनाव: ब्रजराजनगर में बीजद को बढ़त, कांग्रेस दूसरे और भाजपा तीसरे स्थान पर

भुवनेश्वर, तीन जून ओडिशा में ब्रजराजनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना में शुक्रवार दोपहर तक सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की उम्मीदवार अलका मोहंती भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वियों पर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, मतों की 16वें दौर की गिनती के अंत में, बीजद की अलका मोहंती 75,317 वोट हासिल कर 54,096 मतों के अंतर से आगे चल रही हैं।

उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस के उम्मीदवार किशोर पटेल को 21,221 मत मिले हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार राधारानी पांडा 18,897 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

दिसंबर 2021 में बीजद विधायक किशोर मोहंती का निधन हो जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी।

पिछले लोकसभा चुनावों के बाद यह पहली बार है जब भाजपा तीसरे स्थान पर संघर्ष कर रही है, जबकि कांग्रेस दूसरे स्थान पर है।

अधिकारियों ने बताया कि मतों की चार दौर की गिनती अभी बाकी है।

बीजद उम्मीदवार के अजेय बढ़त हासिल करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखों और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया।

झारसुगुडा इंजीनियरिंग कॉलेज में सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है।

झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक राहुल जैन ने बताया कि मतगणना केंद्र पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), राज्य सशस्त्र पुलिस और जिला कार्यकारिणी बल की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)