भुवनेश्वर, 16 फरवरी ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की महिला मोर्चे की कार्यकर्ता संबलपुर में महिला पुलिस अधिकारी से कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के कारण नेता प्रतिपक्ष जयनारायण मिश्रा को हटाने की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को धरने पर बैठ गईं।
मिश्रा ने बुधवार को संबलपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर महिला पुलिस अधिकारी को धक्का देकर विवाद खड़ा कर दिया था। घटना जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर हुई, जहां भाजपा कार्यकर्ता व नेता “बिगड़ती” कानून-व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
भाजपा ने भी राजभवन के बाहर धरना देते हुए दावा किया कि पूर्व मंत्री नवकिशोर दास की हत्या के सिलसिले में राज्य सरकार की आलोचना करने के लिए मिश्रा को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। मिश्रा संबलपुर से भाजपा के विधायक भी हैं।
बीजद कार्यकर्ताओं ने मिश्रा जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का पुतला फूंका।
एमजी रोड पर धरने पर बैठे और तख्तियां एवं बैनर लिए बीजद के कार्यकर्ताओं ने मिश्रा पर महिला पुलिस अधिकारी को धक्का देने और मारपीट करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने मिश्रा से माफी की मांग भी की।
बीजद प्रवक्ता श्रीमयी मिश्रा ने दावा किया कि जयनारायण मिश्रा एक “आदतन अपराधी” हैं, उनके खिलाफ हत्या समेत 14 मामले दर्ज हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY