बेरहामपुर (ओडिशा), तीन मई ओडिशा के गंजाम जिले में स्थित ‘रेड क्रॉस स्कूल फॉर द ब्लाइंड’ का ‘हाई स्कूल सर्टिफिकेट’ (एचएससी) परीक्षा में उत्तीर्ण प्रतिशत एक बार फिर 100 प्रतिशत रहा। लगातार 42वें वर्ष विद्यालय के सभी छात्र उत्तीर्ण रहे हैं।
परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए।
प्रधानाचार्य प्रिय रंजन महाकुडा ने कहा कि इस साल परीक्षा में बैठने वाले सभी 11 दृष्टिबाधित विद्यार्थी, जिनमें चार लड़कियां शामिल हैं, उत्तीर्ण हुए हैं।
महाकुडा ने कहा, ‘‘दो छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करके ए 2 ग्रेड प्राप्त किया, जबकि दो अन्य विद्यार्थियों को बी1 ग्रेड (70 प्रतिशत से अधिक) प्राप्त हुआ। तीन विद्यार्थियों को बी2 ग्रेड (60 प्रतिशत से अधिक) और चार को सी ग्रेड (50 प्रतिशत से अधिक) प्राप्त हुआ।’’
वर्ष 1983 में अपने पहले बैच से यह आवासीय विद्यालय हाई स्कूल की परीक्षा में लगातार 100 प्रतिशत सफलता दर हासिल कर रहा है।
ए2 ग्रेड प्राप्त करने वाले बिक्रम गिरी और बिनायक पात्रा ने उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘‘हम माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई करना चाहते हैं।’’
इससे पहले माध्यमिक स्तर की शिक्षा हासिल करने के विद्यार्थियों को ब्रेल पाठ्यपुस्तकों की कमी के कारण चुनौतियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन पिछले तीन वर्षों में इस कमी को दूर कर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY