देश की खबरें | ओडिशा: झारसुगुडा विधानसभा उपचुनाव में दोपहर तीन बजे तक 55.20 प्रतिशत मतदान

झारसुगुडा (ओडिशा), 10 मई ओडिशा में झारसुगुडा विधानसभा उपचुनाव में बुधवार को दोपहर तीन बजे तक कुल 2.21 लाख मतदाताओं में से 55.20 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मतदान सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ और उससे पहले ही कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गयीं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) निकुंज बिहारी ढल ने कहा, ‘‘किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है। सभी 253 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है। दोपहर तीन बजे तक कम से कम 55.20 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके हैं।’’

ढल ने कहा कि तेज गर्मी के कारण दोपहर में मतदान की गति कम हुई क्योंकि दोपहर तीन बजे झारसुगुड़ा में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि कतार में खड़े मतदाताओं को राहत देने के लिए पेयजल और तरबूज वितरित किया गया।

मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

ढल ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी बंदोबस्त किये गये हैं।

झारसुगुडा के पुलिस अधीक्षक अपरमार स्मित पुरुषोत्तमदास ने कहा कि संवेदनशील चिह्नित किये गये बूथ पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं और केंद्रीय बलों की तैनाती की गयी है और कई मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अधिकारी ने कहा कि उपचुनाव के लिए 1,000 से अधिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में पुलिस की टुकड़ियों के साथ ही केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की सात कंपनियों को तैनात किया गया है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अबोली सुनील नरवणे ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि सभी 253 मतदान केंद्रों पर ‘वेबकास्टिंग’ की गई है।

बीजू जनता दल (बीजद) प्रत्याशी दीपाली दास और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी तांकाधर त्रिपाठी ने सुबह-सुबह मतदान किया।

इस सीट से विधायक और राज्य के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की गत 29 जनवरी को हत्या के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।

उपचुनाव में कुल नौ उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।

बीजद ने दास की बेटी दीपाली दास को प्रत्याशी बनाया है, वहीं भाजपा ने तांकाधर त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस के टिकट पर दिवंगत विधायक बीरेन पांडेय के बेटे तरुण पांडेय किस्मत आजमा रहे हैं। सभी प्रत्याशी पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। मतगणना 13 मई को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)