देश की खबरें | ओडिशा में धामनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी

भुवनेश्वर, सात अक्टूबर ओडिशा में धामनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भद्रक के उप-जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा शुक्रवार को अधिसूचना जारी की गई।

उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

भाजपा विधायक बिष्णु चरण सेठी के 19 सितंबर को निधन के बाद धामनगर सीट खाली हुई थी।

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी एस के लोहानी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 15 अक्टूबर को की जाएगी और नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर होगी।

मतों की गिनती छह नवंबर को होगी।

बीजू जनता दल (बीजद) ने 2019 के बाद से हुए सभी पांच उपचुनावों में जीत हासिल की है। ओडिशा में 2019 में पिछला विधानसभा चुनाव हुआ था।

बीजद द्वारा पिछले तीन वर्षों में जीते गए उपचुनाव में बीजेपुर (2019), बालासोर (2020), तिरतोल (2020), पिपिली (2021) और ब्रजराजनगर (2022) विधानसभा सीट के उपचुनाव शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)