जरुरी जानकारी | एलआईसी के आईपीओ में गैर-संस्थागत निवेशकों के हिस्से को मिला पूर्ण अभिदान

नयी दिल्ली, सात मई सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित शेयरों को शनिवार को पूर्ण अभिदान मिल गया। कुल मिलाकर इस निर्गम को 1.66 गुना अभिदान मिल चुका है।

एलआईसी के आईपीओ के चौथे दिन गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को पूर्ण अभिदान मिल गया। निर्गम के तहत कुल 2,96,48,427 शेयरों को गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित रखा गया था। इसकी तुलना में शनिवार शाम सात बजे तक कुल 3,21,59,055 बोलियां मिल चुकी थीं। इस तरह गैर-संस्थागत निवेशक खंड को 1.08 गुना अभिदान मिल चुका है।

शेयर बाजारों से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक एलआईसी के आईपीओ को अब तक कुल 1.66 गुना अभिदान मिल चुका है। अभी इस निर्गम के बंद होने में दो दिन बाकी हैं। निर्गम सोमवार को बंद होगा। एक विशेष व्यवस्था के तहत रविवार को भी निर्गम में बोलियां लगाई जा सकेंगी।

हालांकि पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित शेयरों का पूरी तरह खरीदा जाना बाकी है। इस खंड के शेयरों की अभी तक सिर्फ 0.67 फीसदी खरीदारी ही हुई है।

खुदरा निवेशक खंड में 6.9 करोड़ आरक्षित शेयरों के लिए कुल 10.06 करोड़ बोलियां मिल चुकी हैं। इस तरह खुदरा निवेशक खंड को 1.46 गुना अभिदान मिल चुका है।

एलआईसी के पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित खंड को 4.67 गुना और कर्मचारियों के लिए आरक्षित खंड को अब तक 3.54 गुना अभिदान मिला है।

एलआईसी ने चार मई को खुले इस निर्गम के लिए 902-949 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया हुआ है। इस निर्गम में 3.5 फीसदी हिस्सेदारी की बिक्री से सरकार को 21,000 करोड़ रुपये जुटने की उम्मीद है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)