नोएडा (उत्तर प्रदेश), 17 जुलाई जर्मनी की कार कंपनी फॉक्सवैगन समूह की दो भारतीय अनुषंगियों के खिलाफ एक स्थानीय कारोबारी को प्रदूषण छिपाने वाले उपकरण लगी सात ऑडी कारें बेचने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। नोएडा पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि इस सिलसिले में नोएडा स्थित कंपनियों ऑडी इंडिया और स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया के खिलाफ जालसाजी व धोखाधड़ी को लेकर सेक्टर 20 पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में जर्मनी स्थित मूल कंपनी तथा शीर्ष अधिकारियों के भी नाम शामिल हैं।
स्थानीय व्यवसायी अनिलजीत सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्हें उत्सर्जन पर तथ्यों की गलत व्याख्या के बाद "घटिया" वाहन बेच दिये गये। उन्होंने कहा कि उन्होंने 2016 में करोड़ों रुपये की लागत से कारें खरीदीं।
उन्होंने कार निर्माताओं को उनके वाहनों को खरीदने के लिये "प्रेरित" करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसा मानते हुए उन्होंने ये वाहन खरीदे कि ये देश के नये उत्सर्जन मानकों के अनुरूप तैयार किये गये हैं।
सिंह ने अपनी शिकायत में कहा, "ये घटिया वाहन थे, जो धोखा देने वाले उपकरणों से लैस थे।"
स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन समूह के एक प्रवक्ता ने इस बारे में संपर्क किये जाने पर आरोपों से इनकार किया। प्रवक्ता ने दावा किया कि उनकी कंपनी के वाहन भारत के उत्सर्जन मानकों का पूरी तरह अनुपालन करते हुये तैयार किये गये हैं।
पीटीआई- को मिली एफआईआर की प्रति से पता चला है कि प्राथमिकी में नोएडा स्थित कंपनियों ऑडी इंडिया, स्कोडा ऑटो - फॉक्सवैगन इंडिया और फॉक्सवैगन इंडिया के अलावा ऑडी एजी और जर्मनी के फॉक्सवैगन एजी के नाम शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY