देश की खबरें | महाराष्ट्र से मुंबई को कोई नहीं ले सकता: आदित्य ठाकरे

नागपुर, 28 दिसंबर शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने बुधवार को कहा कि मुंबई, महाराष्ट्र का हिस्सा है और इसे कोई इस राज्य से ले नहीं सकता।

वह यहां विधानभवन परिसर में पत्रकारों द्वारा कर्नाटक के कानून मंत्री जे सी मधुस्वामी के इस बयान के बारे में पूछे गये सवाल का जवाब दे रहे थे कि मुंबई की केंद्रशासित प्रदेश बनने की पात्रता है। फिलहाल महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतकालीन सत्र नागपुर में चल रहा है।

पूर्व मंत्री ठाकरे ने कहा, ‘‘मैं महसूस करता हूं कि हमें ऐसे मंत्रियों को महत्व नहीं देना चाहिए। मुंबई महाराष्ट्र का हिस्सा है और कोई उसे महाराष्ट्र से ले नहीं सकता।’’

उन्होंने यह भी कहा कि जरूरी है कि महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच शांति कायम किया जाए तथा कानून व्यवस्था बनाये रखी जाए। उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र धैर्य बनाये हुए है।’’

शिवसेना (यूबीटी) के नेता ठाकरे ने यह भी जानना चाहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई सीमा मुद्दे पर इतना आक्रामक रूख क्यों अपना रहे हैं।

उन्होंने सवालिये लहजे में कहा, ‘‘कर्नाटक में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं और उसे (सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी को) हार नजर आ रही है, लेकिन क्या इन बातों को लेकर दोनों राज्यों के बीच मनमुटाव पैदा करना सही है?’’

दोनों राज्यों में सीमा विवाद के बीच मंगलवार को महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों ने कर्नाटक के 865 मराठी भाषी गांवों को राज्य में शामिल करने की दिशा में ‘कानूनी ढंग से आगे बढ़ने’ को लेकर मंगलवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया।

महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य के बारे में चर्चा करते हुए युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे ने कहा कि राज्य के हर नये मंत्री के खिलाफ न केवल (अनियमितताओं के) आरोप हैं, बल्कि सबूत भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यदि इस अवैध सरकार में साहस होता तो उसने इन मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटा दिया होता।’’

राज्य के विपक्षी दल वासिम में सार्वजनिक चरागाह के लिए आरक्षित जमीन आवंटित किये जाने को लेकर कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और उन्होंने उद्योग मंत्री उदय सामंत पर कुछ बड़ी परियोजनाओं में अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)