देश की खबरें | ओडिशा के 2,600 से अधिक गांवों में मोबाइल नेटवर्क नहीं: मंत्री

भुवनेश्वर, 17 मार्च ओडिशा के 167 खंड के कुल 2,603 ​​गांवों में कोई मोबाइल नेटवर्क नहीं है जबकि 10 पंचायतों में ‘ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी’ का अभाव है। राज्य के एक मंत्री ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मंत्री ने विधानसभा में कहा कि कंधमाल जिले के 375 गांवों में रायगड़ा के 274, गजपति के 241, कोरापुट के 223, मलकानगिरी के 216, कालाहांडी के 203 और नयागढ़ के 184 गावों में कोई मोबाइल नेटवर्क नहीं है।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री मुकेश महालिंग ने सदन में बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक अरुण कुमार साहू के सवाल का जवाब देते हुए यह जानकारी साझा की।

बालासोर जिले के केवल एक गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं है जबकि जगतसिंहपुर के दो और पुरी के तीन गांवों में इसका आभाव है।

महालिंग ने बताया कि डिजिटल भारत निधि (डीबीएन) दूरसंचार परियोजना के तहत नये मोबाइल टावर की स्थापना का काम जारी है और संभावना है कि इसे जून तक स्थापित कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिन 10 पंचायतों में ब्रॉडबैंड संपर्कता नहीं है उन्हें उपग्रह के माध्यम से सेवाएं दी जाएंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)