देश की खबरें | दिल्ली सचिवालय से कोई भी फाइल, दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड बाहर नहीं ले जाया जाएगा: जीएडी का आदेश

नयी दिल्ली, आठ फरवरी विधानसभा चुनाव के नतीजों से सत्ता परिवर्तन का संकेत मिलने के बीच दिल्ली सरकार के मुख्यालय दिल्ली सचिवालय को आधिकारिक फाइल, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उपराज्यपाल वी के सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने एक आदेश जारी कर सभी विभागों, एजेंसियों और मंत्रियों के कैंप कार्यालयों को निर्देश दिया है कि वे विभाग की अनुमति के बिना कोई भी रिकॉर्ड या फाइल न हटाएं।

विभिन्न विभाग प्रमुखों और प्रभारियों को जारी किए गए जीएडी के आदेश में कहा गया है कि विभाग की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी फाइल, दस्तावेज, कंप्यूटर हार्डवेयर आदि दिल्ली सचिवालय परिसर से बाहर नहीं ले जाया जा सकता है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 27 साल के बाद दिल्ली की सत्ता पर आसीन होने की ओर अग्रसर है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रूझानों और परिणामों के अनुसार, भाजपा 70 सदस्यीय विधानसभा की 39 सीट जीत चुकी है जबकि नौ पर आगे चल रही है।

आयोग के अनुसार आम आदमी पार्टी 17 सीटें जीती है जबकि पांच पर आगे चल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)