देश की खबरें | शरद पवार की अजित से मुलाकात को लेकर एमवीए में कोई भ्रम की स्थिति नहीं: दानवे

औरंगाबाद (महाराष्ट्र), 15 अगस्त शिवसेना (यूबीटी) के नेता अंबादास दानवे ने मंगलवार को यहां कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता शरद पवार की उनके भतीजे और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के साथ हाल में हुई मुलाकात को लेकर महा विकास आघाड़ी (एमवीए) में कोई भ्रम नहीं है और पार्टी के ‘परिपक्व’ कार्यकर्ता सब जानते हैं।

राज्य विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष दानवे मंगलवार से दो दिवसीय औरंगाबाद दौरे पर आये शरद पवार से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

राकांपा तोड़कर एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना-भाजपा सरकार में शामिल हुए अजित पवार और और शरद पवार के बीच पिछले सप्ताह पुणे में ‘गोपनीय’ बैठक होने की अटकलें हैं।

शरद पवार अभी एमवीए गठबंधन में शामिल हैं जिसमें उनकी पार्टी के साथ शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस हैं।

दानवे ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा, ‘‘कौन कहता है कि महा विकास आघाड़ी में भ्रम की स्थिति है? लोगों और कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं में हमेशा भ्रम होता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पवार औरंगाबाद आये थे, इसलिए मैं उनसे मिला। मैं उनसे एक या दो महीने में एक बार मिलता हूं। लोगों के बीच और कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम हो सकता है। लेकिन परिपक्व पार्टी कार्यकर्ता सब जानते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)