पटना, 16 अगस्त बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के दिल्ली में मुलाकात करने की संभावना है।
यहां मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, नीतीश ने आम आदमी पार्टी के समन्वयक अरविंद केजरीवाल को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की।
नीतीश पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने बुधवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। वाजपेयी के मंत्रिमंडल में जदयू नेता मंत्री थे।
पिछले साल भाजपा से नाता तोड़कर नीतीश ने बिहार में महागठबंधन की नई सरकार बनाई और अब वह अगले वर्ष लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को परास्त करने के लिए विपक्ष को एकजुट करने की मुहिम में जुटे हैं।
संभावना जताई जा रही है कि इसी मुहिम के तहत नीतीश दिल्ली यात्रा के दौरान इस महीने के अंत में मुंबई में होने वाली विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक से पहले विपक्षी नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।
नीतीश की दिल्ली यात्रा के कार्यक्रम का विवरण ज्ञात नहीं है पर उनकी पार्टी के सूत्रों ने कहा कि केजरीवाल के अलावा कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ उनकी बैठक हो सकती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY