खेल की खबरें | निकहत और अरूधंति स्ट्रैंड्जा मेमोरियल के सेमीफाइनल में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. दो बार की विश्व चैम्पियन मुक्केबाज निकहत जरीन और अरूधंति चौधरी ने गुरुवार को यहां अपने मुकाबले जीतकर 75वें स्ट्रैंड्जा मेमोरियल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सोफिया (बुल्गारिया), आठ फरवरी दो बार की विश्व चैम्पियन मुक्केबाज निकहत जरीन और अरूधंति चौधरी ने गुरुवार को यहां अपने मुकाबले जीतकर 75वें स्ट्रैंड्जा मेमोरियल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
रिंग में उतरने वाली पहली भारतीय दो बार की स्वर्ण पदक विजेता निकहत (50 किग्रा) ने फ्रांस की लखादिरी वासिला को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से पराजित किया।
हालांकि नतीजा जैसा दिख रहा था, उसकी तुलना में मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण रहा क्योंकि दोनों मुक्केबाजों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी। लेकिन अंत में निकहत फ्रांस की मुक्केबाज को हराने में सफल रहीं।
निकहत ने अपनी फुर्ती और जवाबी हमलों से पहला राउंड 3-2 से अपने नाम किया। दूसरे राउंड में दोनों मुक्केबाज सतर्क थी और उन्होंने एक दूसरे के खिलाफ आक्रामकता नहीं दिखायी। लेकिन निकहत इसमें भी अपनी प्रतिद्वंद्वी से थोड़ा बेहतर रहीं और इसे भी 3-2 से अपने पक्ष में किया।
तीसरे राउंड में निकहत ने सर्वश्रेष्ठ प्रइदर्शन किया और फ्रांस की मुक्केबाज के मुक्कों से आसानी से बचते हुए कुछ तेज मुक्के जड़े।
लखादिरी ने भी आक्रामकता अख्तियार करने का प्रयास किया लेकिन भारतीय मुक्केबाज इससे निपटने के लिए तैयार थी और उन्होंने मुकाबला जीत लिया।
अब निकहत का सामना शनिवार को सेमीफाइनल में घरेलू प्रबल दावेदार ज्लाटिस्लावा चुकानोवा से होगा।
दिन के एक अन्य मुकाबले में राष्ट्रीय चैम्पियन अरूधंति (66 किग्रा) ने सर्बिया की माटकोविच मिलेना के खिलाफ दबदबा बनाते हुए 5-0 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनायी, जहां उनका सामना स्लोवाकिया की जेसिका ट्राइबेलोवा से होगा।
साक्षी (57 किग्रा) को क्वार्टरफाइनल में उज्बेकिस्तान की मामाजोनोवा खुमोराबोनू से 2-3 से हार मिली।
बुधवार को देर रात हुए मुकाबलों में दीपक (75 किग्रा) और नवीन कुमार (92 किग्रा) ने क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 08, 2024 09:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

