देश की खबरें | एनआईए ने हरियाणा के अंबाला में भवन निर्माण ठेकेदार के आवास पर छापा मारा

अंबाला (हरियाणा), 18 अक्टूबर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने मंगलवार को तीन राज्यों में आतंकवादियों, गैंगस्टर और मादक पदार्थ तस्करों के बीच ‘‘उभरते गठजोड़’’ की जांच के सिलसिले में यहां एक भवन निर्माण ठेकेदार के आवास पर छापेमारी की।

अधिकारियों ने बताया कि एनआईए की टीम ने अंबाला में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी और कुछ सिम कार्ड बरामद किए।

संपर्क करने पर, अंबाला के पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा ने पुष्टि की कि एनआईए ने दोपहर बाद छापेमारी की और ठेकेदार के घर से कथित तौर पर लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई।

उन्होंने कहा कि पैसे गिनने के लिए मशीन लाई गईं। उन्होंने कहा कि बरामद राशि की सही मात्रा का खुलासा एनआईए द्वारा किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सूत्रों ने कहा कि एनआईए ने झज्जर में जेल में बंद गैंगस्टर नरेश सेठी के घर पर भी छापा मारा, जहां एजेंसी सुबह करीब चार बजे पहुंची।

एजेंसी ने सोनीपत में दो कथित गैंगस्टर के घरों पर भी छापेमारी की, जो लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े हैं।

एनआईए ने मंगलवार को पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में आतंकवादियों, गैंगस्टर और मादक पदार्थ तस्करों के बीच "उभरते गठजोड़" की जांच के क्रम में छापेमारी की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)