देश की खबरें | एनआईए ने बेंगलुरु हिंसा मामले में पूर्व महापौर से पूछताछ की
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरु, 23 नवम्बर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के अधिकारियों ने अगस्त में शहर के कुछ हिस्सों में हुई हिंसा के सिलसिले में सोमवार को यहां केन्द्रीय जेल में कांग्रेस के पार्षद एवं पूर्व महापौर आर संपत राज से पूछताछ की।

एनआईए सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी ने परप्पाना अग्रहार केन्द्रीय कारागार में राज से पूछताछ की, जहां वह बंद है। हिंसा मामले की जांच कर रही केन्द्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) पुलिस ने हाल में राज को गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़े | Hathras GangRape Case: हाथरस मामले के आरोपियों को ब्रेन-मैपिंग और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए गांधीनगर एफएसएल लाया गया.

सूत्रों ने बताया कि एजेंसी ने दो पुलिस थानों पर हमले में उनकी भूमिका का पता लगाने के वास्ते कांग्रेस पार्षद से दो दिनों के लिए पूछताछ की अदालत से अनुमति ली थी।

सीसीबी पुलिस ने 11 अगस्त की रात हिंसा की साजिश रचने के आरोपों में राज को गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़े | उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य कोरोना पॉजिटिव पाई जाने के बाद ऋषिकेश के एम्स में भर्ती : 23 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पुलकेशीनगर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक आर अखंड श्रीनिवास मूर्ति के भांजे की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर उपद्रवियों ने मूर्ति और उनकी बहन के घरों में आग लगा दी थी।

उपद्रवियों ने देवरा जीवनाहल्ली और कडुगोंडनहल्ली पुलिस थानों को भी आग के हवाले कर दिया था।

पुलिस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हुई थी जबकि चौथे व्यक्ति की मौत अस्पताल में हुई थी।

हालांकि, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पूर्व महापौर को हिंसा के लिए झूठे आरोपों में फंसाया गया और पार्टी को बदनाम किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)