नयी दिल्ली, 28 जून राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने जून 2022 में पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में भारी मात्रा में इलेक्ट्रिक और गैर-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और विस्फोटकों की जब्ती के मामले में बुधवार को अपना पहला पूरक आरोप पत्र दाखिल किया।
एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा कि जांच एजेंसी ने बुधवार को मामले से जुड़े एक संदिग्ध व्यक्ति के अवैध गोदामों पर भी छापा मारा, जिससे हथियारों और विस्फोटकों की ताजा बरामदगी हुई।
अधिकारी ने बताया कि बीरभूम जिले में दो स्थानों पर मनोज घोष के अवैध गोदामों पर छापेमारी की गई।
एनआईए ने कहा कि इन छापों में बड़ी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट, एक देसी पिस्तौल, कुछ गोला-बारूद, जिलेटिन की छड़ें और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए।
मामले में एजेंसी का पहला पूरक आरोप पत्र दो आरोपियों के खिलाफ दाखिल किया गया, जिससे उन आरोपियों की कुल संख्या सात हो गयी, जिनके खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किये गये हैं।
इस साल अप्रैल में दाखिल मूल आरोप-पत्र में पांच आरोपियों के नाम थे।
पश्चिम बंगाल के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की एक टीम द्वारा बीरभूम के एमडी बाजार पुलिस थाना क्षेत्र में एक वाहन से लगभग 81,000 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर की जब्ती के बाद सितंबर 2022 में मामला दर्ज किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY