देश की खबरें | एनआईए ने आतंकवाद वित्तपोषण मामले में हुर्रियत कांफ्रेंस के नेता की संपत्ति कुर्क की

श्रीनगर, 13 जून राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने आतंकवाद के वित्त पोषण मामले में मंगलवार को यहां हुर्रियत कांफ्रेंस के एक नेता की संपत्तियां कुर्क कर लीं। एक दिन पहले ही आतंकवाद के कथित वित्तपोषक और कारोबारी जहूर अहमद शाह वटाली की 17 संपत्तियां कुर्क की गयी थीं।

एनआईए ने एक बयान में बताया कि ऑल पार्टी हुर्रियत कांफ्रेंस के अलगाववादी नेता मोहम्मद अकबर खांडे उर्फ अयाज अकबर की संपत्तियां आज कुर्क की गयी हैं जिनमें नौ कनाल जमीन और यहां का उसका दो मंजिला मकान शामिल है।

उसने बताया कि गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए)की धारा 22 (1) के तहत नयी दिल्ली की एक विशेष एनआईए अदालत के आदेश पर इन संपत्तियों की कुर्की की गयी है।

खांडे सैयद अली शाह गिलानी के नेतृत्व वाली हुर्रियत के धड़े का प्रवक्ता सह मीडिया सलाहकार रह चुका है। फिलहाल वह आतंकवाद वित्तपोषण मामले का सामना कर रहा है एवं तिहाड़ जेल में है।

एनआईए ने कहा, ‘‘ भारत अवैध माध्यमों से देश-विदेश से धन जुटा रहा था तथा उसका इस्तेमाल जम्मू कश्मीर में अलगाववादी एवं आतंकवादी गतिविधियों को प्रश्रय एवं बढ़ावा देने में कर रहा था।’’

उसने कहा कि हुर्रियत के अन्य नेताओं के साथ घनिष्ठ रूप से जुड़ा खांडे हिज्बुल मुजाहिदी के साथ मिलकर काम कर रहा था तथा अवैध एवं हिंसक गतिविधियों के लिए धन जुटाता था। वह जम्मू कश्मीर को भारत से अलग करने को लक्षित गतिविधयों में सक्रिय रूप से शामिल था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)