देश की खबरें | आईएसकेपी मामले में एनआईए ने पुणे से दो लोगों को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 13 जुलाई एनआईए ने पुणे से पत्रकारिता की एक छात्रा सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर भारत में आतंकवादी हमले की योजना बनाने और प्रतिबंधित इस्लामिक स्टेट खोरासान प्रोविंस (आईएसकेपी) के तहत आईएसआईएस आतंकवादी समूह की विचारधारा को बढ़ावा देने का आरोप है।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि एजेंसी ने रविवार को पुणे में छापेमारी की थी और नबील एस. खत्री (27) तथा सादिया अनवर शेख (22) को आईएसकेपी मामले में गिरफ्तार किया था। दोनों पुणे के निवासी हैं।

यह भी पढ़े | कोरोना के केरल में 449 नए मामले पाए: 13 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा कि खत्री पुणे में जिम चलाता है जबकि सादिया बारामती में जनसंचार और पत्रकारिता की दूसरे वर्ष की छात्रा है।

यह मामला आठ मार्च को दिल्ली पुलिस की विशेष प्रकोष्ठ ने दर्ज किया था। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के जामिया नगर से जहांजेब सामी वानी और उसकी पत्नी हिना बशीर बेग को गिरफ्तार करने के बाद मामला दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़े | Sree Padmanabhaswamy Temple: श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, जानें फैसले से जुडी खास बातें.

उन्होंने कहा कि दंपति का आईएसकेपी से जुड़ाव था, जो प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन है और आईएसआईएस का हिस्सा है। वे एनआईए के एक मामले में दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद अब्दुल्ला बासित के संपर्क में भी थे।

उन्होंने कहा कि वे भारत में आईएसआईएस का कैडर बनाने का भी प्रयास कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों को नयी दिल्ली में एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। आगे की जांच जारी है।

नीरज नीरज अविनाश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)