जरुरी जानकारी | एनएचपीसी ने फुकोट कर्णाली जलविद्युत परियोजना के लिये नेपाल की कंपनी के साथ समझौता किया

नयी दिल्ली, एक जून सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनएचपीसी ने बृहस्पतिवार को नेपाल में 480 मेगावाट क्षमता की फुकोट कर्णाली जलविद्युत परियोजना के विकास के लिये पड़ोसी देश की विद्युत उत्पादन कंपनी के साथ शुरुआती समझौता किया।

एनएचपीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' की उपस्थिति में नेपाल की फुकोट कर्णाली जलविद्युत परियोजना (480 मेगावाट) के विकास के लिये एनएचपीसी लिमिटेड और विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (वीयूसीएल) के बीच एक जून को समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया।’’

नेपाल के प्रधानमंत्री बुधवार से भारत की चार दिन की यात्रा पर हैं।

एमओयू का आदान-प्रदान कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक आर के विश्नोई और वीयूसीएल के प्रबंध निदेशक सूर्य प्रसाद रीजाल ने किया।

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया जाना बिजली क्षेत्र में सहयोग को लेकर भारत-नेपाल के संयुक्त दृष्टिकोण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

यह परियोजना बिजली उत्पादन के लिये कर्णाली नदी के प्रवाह का उपयोग करेगी। इस परियोजना से उत्पादित बिजली नेपाल की एकीकृत विद्युत प्रणाली में ‘फीड’ की जाएगी। इस परियोजना की स्थापित क्षमता 480 मेगावाट होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)