देश की खबरें | समाचार एंकर ने कहा-पिता तुल्य हैं आईपीएस अधिकारी, बेटा कहकर बुलाते हैं
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भोपाल, 29 सितंबर मध्य प्रदेश के एक क्षेत्रीय टीवी चैनल की महिला समाचार एंकर ने अपनी प्रतिष्ठा को धूमिल करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पुरुषोत्तम शर्मा की पत्नी और बेटे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

भारतीय पुलिस सेवा के 1986 बैच के एक अधिकारी का दो वीडियो शोसल मीडिया में वायरल होने के बाद प्रदेश सरकार ने उनका तबादला करते हुए उन्हें कार्यमुक्त कर दिया था ।

यह भी पढ़े | By-Elections 2020 Date: 11 राज्यों की 56 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान, बिहार की एक लोकसभा सीट पर भी होगी वोटिंग.

दरअसल, एक वीडियो में वह पत्नी के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं वहीं उनकी पत्नी द्वारा रिकार्ड किये गये दूसरे वीडियो में शर्मा महिला एंकर के घर में बैठे हुए दिखाई पड़ रहे हैं ।

वीडियो में दिख रहा है कि पत्नी के वहां पहुचने के बाद शर्मा वहां से निकल जाते हैं और शर्मा की पत्नी एंकर के घर का मुआयना करते और पूछताछ करती दिखाई दे रही हैं।

यह भी पढ़े | MP Bye-Polls: कांग्रेस और बीजेपी के लिए जीने-मरने की जंग में अब इस मुद्दे की एंट्री.

एंकर ने शर्मा की पत्नी और बेटे के खिलाफ शाहपुरा पुलिस थाने में शिकायत की है और दावा किया है कि भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी शर्मा उसके लिये ‘पितातुल्य' हैं और शर्मा उन्हें ‘‘बेटा‘‘ कहते हैं।

शाहपुरा पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र पटेल ने कहा, ‘‘शिकायत में एंकर ने कहा है कि समाज में उसकी निजता और छवि का बहुत नुकसान हुआ है और उसकी बदनामी हुई है।’’

एंकर ने मांग की है, ‘‘पुलिस इस मामले में उचित कार्रवाई कर मुझे मानसिक प्रताड़ना से निजात दिलाने की कृपा करें।’’

एंकर ने कहा, ‘‘चूंकि पत्रकारिता से जुड़े होने के कारण मेरा मिलना-जुलना कई बार अधिकारियों और राजनेताओं से होता रहता है। मेरे साथ मेरा 11 साल का बेटा भी रहता है और मैं ग्वालियर के एक प्रतिष्ठित और संभ्रांत परिवार से हूं।’’

उसने आगे लिखा, ‘‘रविवार 27 सितंबर 2020 को शाम करीब सात बजे डीजी पुरुषोत्तम शर्मा जी का फोन मेरे पास आया कि वह मेरे घर से पास ही हैं तो मैंने उन्हें चाय पर आमंत्रित कर दिया।’’

एंकर ने कहा, ‘‘ डीजी साहब के आने के बाद थोड़ी देर बाद उनकी पत्नी भी आ गई। उन्होंने (पत्नी) घंटी बजाई हालांकि मैं उन्हें नहीं जानती थी लेकिन मैंने दरवाजा खोला तो वह (शर्मा की पत्नी) जबरन अचानक मेरे घर में घुस आई। डीजी साहब ने बताया कि वह उनकी पत्नी हैं, तब मैंने उन्हें भी बैठने और चाय के लिये पूछा। लेकिन मेरे सामने ही उनकी और शर्मा जी की कहा सुनी शुरु हो गयी। दोनों की बीच बहस हुई और डीजी साहब वहां से चले गये।’’

उसने बताया कि बाद में शर्मा की पत्नी ने उसके घर पर रुककर उससे अनावश्यक सवाल पूछे और उसके बेडरुम की रिकार्डिग भी की। इस वीडियो को शर्मा के बेटे पार्थ शर्मा द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल कर अनर्गल आरोप लगाये जा रहे हैं।

एंकर ने कहा कि जैसा उसे प्रस्तुत किया जा रहा है वस्तुत: ऐसा कुछ भी नहीं है। डीजी साहब मेरे लिये ‘‘पितातुल्य’’ हैं और वह मुझे बेटा कहकर ही बात करते हैं मेरे घर पर उनका चाय पीने आना इतना बड़ा घटनाक्रम बन जाएगा, इसका मुझे अंदाजा नहीं था।

उसने कहा, ‘‘मेरे उस वीडियो को सोशल मीडिया में गलत तरीके से प्रस्तुत और प्रचारित किया जा रहा है। जिससे मेरे मान-सम्मान और निजता का हनन हो रहा है। मेरे संस्थान जिसमें में प्रथम दिन से कार्यरत हूं उसने भी मुझसे सफाई मांगी है और मेरा करियर, मेरी नौकरी दांव पर है। मेरे परिवार और मेरी निजी जिंदगी भी इस एक वीडियो से मानसिक अवसाद में आ गयी है।

थाना प्रभारी ने पीटीआई — से कहा, 'चूंकि यह किसी की छवि खराब करने का मामला है इसलिये इसकी केवल अदालत में शिकायत दर्ज की जा सकती है।'

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)