गुवाहाटी, 11 सितंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार ने विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों के परिसीमन के बाद अब विभिन्न विभागों के उप जिलों तथा उप संभागों के रेखांकन की प्रक्रिया शुरू की है।
उन्होंने विधानसभा में एआईयूडीएफ के विधायक करीमुद्दीन बारभूइया के प्रश्न के उत्तर में कहा कि शीघ्र ही चरणबद्ध तरीके से नये उप संभाग और उप जिले अधिसूचित किये जाएंगे।
परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की परिवर्तित भौगोलिक सीमाओं के मद्देनजर सड़क संपर्क में सुधार की योजना के बारे में पूछे गये सवालों का जवाब देते हुए शर्मा ने कहा कि यह काम करने के दौरान पहाड़ों और नदियों वाले इस राज्य के अनोखे भूगोल को भी ध्यान में रखना होगा।
उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे निर्वाचन क्षेत्र हैं जिनका अन्य निर्वाचन क्षेत्रों की तुलना में अधिक क्षेत्रफल है लेकिन सड़क संपर्क में सुधार करने से दूरियां कोई मुद्दा नहीं रह जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग और जल संसाधन जैसे विभागों ने भी नयी सीमाओं के हिसाब से उप संभाग बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि चरणबद्ध तरीके से धनावंटन किया जा सके।
शर्मा ने कहा कि परिसीमन के बाद प्रशासनिक कार्यकुशलता में सुधार लाने के लिए उप जिलों के निर्माण की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY