विदेश की खबरें | नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में सोने के आभूषण फिर से लगाये जाने के लिए इसे बंद किया गया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

काठमांडू, 28 जून नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर को बृहस्पतिवार सुबह तक के लिए बुधवार दोपहर बंद कर दिया गया क्योंकि अधिकारियों ने पांचवीं सदी के हिंदू मंदिर में शिवलिंग के चारों ओर सोने के 100 किलोग्राम से अधिक आभूषण को फिर से लगाया है।

पिछले साल महाशिवरात्रि के पर्व के अवसर पर सुसज्जित किये गये 10 किग्रा से अधिक सोने के आभूषण गायब होने की जांच करने का प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ द्वारा ‘प्राधिकार दुर्व्यवहार जांच आयोग’ (सीआईएए) को निर्देश दिये जाने के बाद सोने के आभूषण हटा दिये गए थे।

पशुपति क्षेत्र विकास न्यास ने आभूषण का वजन करने और उनकी गुणवत्ता निर्धारित करने के लिए मुख्य मंदिर से हटाये जाने के बाद उसे वहां फिर से सुसज्जित कर दिया है।

मंदिर के मुख्य द्वार सहित सभी चार द्वारों को बंद कर दिया गया है और मंदिर परिसर में सुरक्षा कर्मी नियुक्त किये गये हैं, जिन्होंने श्रद्धालुओं को अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी।

मंदिर पूरी रात बंद रहेगा और एक विशेष पूजा के बाद बृहस्पतिवार तड़के करीब तीन बजे इसे फिर से खोले जाने की संभावना है।

इस बीच, न्यास के पूर्व कोषाध्यक्ष ने बताया कि जांच के दौरान 500 ग्राम सोने के आभूषण गायब पाये गये।

यह दावा किया गया है कि शिवलिंग के चारों ओर सोने की जलहरी स्थापित करने के लिए 500 ग्राम कम सोने का उपयोग किया गया है।

जलहरी, पत्थर या धातु आदि का वह अर्घा है, जिसमें शिवलिंग स्थापित किया जाता है।

हालांकि, सीआईएए के प्रवक्ता भोला दाहाल ने कहा कि जांच के नतीजे अभी तक सार्वजनिक नहीं किये गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम जांच पूरी होने पर इसे सार्वजनिक करेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)