देश की खबरें | उझानी बांध से लातूर को जल आपूर्ति के मामले में अध्ययन की जरूरत : जयंत पाटिल

लातूर, 26 जून महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल ने शनिवार को कहा कि विशेषज्ञों को सोलापुर स्थित उझानी बांध से लातूर के लोगों को पानी की आपूर्ति करने की व्यावहारिकता का अध्ययन करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह बांध कृष्णा नदी की सहायक भीमा नदी पर बना है और पार्टियों से इतर कई नेताओं ने वादा किया है कि इस बांध से लातूर शहर के लोगों को जलापूर्ति की जाएगी।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की ‘परिवार संवाद यात्रा’ के तहत लातूर के दौरे पर आए पाटिल ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उझानी बांध से लातूर को जलापूर्ति करने के संबंध में उन्हें राज्य सरकार में मंत्री अमित देशमुख और संजय बनसोडे के अलावा विधायक बाबासाहेब पाटिल का ज्ञापन मिला है।

इस मांग को पूरा करने को लेकर उन्होंने कोई वादा नहीं किया, लेकिन कहा, ‘‘विशेषज्ञों को उझनी बांध से लातूर पानी की आपूर्ति करने की व्यावहारिकता का अध्ययन करने को कहा गया है। इस मामले में विस्तृत अध्ययन करने की जरूरत है।’’बता दें कि पाटिल महाराष्ट्र राकांपा के भी अध्यक्ष हैं।

मंत्री ने कहा कि इस बांध से लातूर के लोगों को पानी की आपूर्ति करने में कुछ कानूनी पेंच भी है। हालांकि, उन्होंने इसकी जानकारी नहीं दी।

पाटिल ने हालांकि, कहा कि इलाके के लोगों को मंजारा और नीम्न तरणा परियोजना से कुछ राहत मिलेगी जो वर्ष 2021 के अंत में पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि तिरु और मनयाद नदी पर बने बांध को बैराज में तब्दील करने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि लातूर अकसर पानी की कमी की वजह से राष्ट्रीय सुर्खियों में रहता है और राज्य सरकार को जलापूर्ति के लिए रेलवे से 'पानी वाली गाडि़यों' के संचालन का आग्रह करना पड़ता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)