नयी दिल्ली, तीन अगस्त भाजपा ने दिल्ली को दुनिया के सामने आदर्श राजधानी के रूप में प्रस्तुत करने के लिए ‘राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली क्षेत्र सरकार संशोधन विधेयक 2023’ को जरूरी बताया और कहा कि केजरीवाल नीत प्रदेश सरकार ने सीसीटीवी कैमरे लगाने, मुफ्त वाई फाई सेवा देने, जल आपूर्ति करने और लोकपाल लाने जैसे वादे पूरे नहीं करके जनता के साथ विश्वासघात किया।
लोकसभा में ‘राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली क्षेत्र सरकार संशोधन विधेयक 2023’ पर चर्चा में भाग लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य रमेश बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में सभी देशों के दूतावास हैं, सभी राज्यों के भवन हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अनेक विदेशी प्रतिनिधि आते हैं और यदि उनके सामने राजधानी की अच्छी तस्वीर पेश करनी है और देश को शर्मिंदगी से बचाना है तो यह विधेयक जरूरी है।
बिधूड़ी ने अपने पूरे संबोधन के दौरान दिल्ली सरकार और उसके मुख्यमंत्री पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में ‘नकारात्मक मानसिकता’ का व्यक्ति सरकार चला रहा है।
बिधूड़ी ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियान नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली में सत्तारूढ़ पार्टी के साथ ‘भ्रष्टाचारी, परिवारवादी और सनातन विरोधी गठबंधन’ के लोग साथ लग गये हैं।
बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में सत्ताधरी दल ने यहां की जनता से पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, मुफ्त वाई फाई सेवा देने, हर घर में नल से जल पहुंचाने और लोकपाल लाने जैसे वादे किये लेकिन सरकार में आने के बाद जनता के साथ विश्वासघात किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी जैसे अनेक विपक्षी दलों के नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अब इनके साथ मिल गये हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY