नयी दिल्ली, नौ सितंबर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के प्रबंध निदेशक विनय कुमार सिंह ने शनिवार को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांज़िट सिस्टम (आरआरटीएस) के तहत दुहाई से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
एनसीआरटीसी ने यहां जारी बयान में बताया कि सिंह ने इस खंड में सेतु निर्माण और स्टेशनों पर पटरी-बिछाने, ओवरहेड उपकरण और विद्युत उपकरणों को लगाने सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
बयान के मुताबिक दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) गलियारे के प्राथमिकता खंड से पहले एनसीआरटीसी के निदेशक ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुरादनगर, मोदीनगर दक्षिण, मोदीनगर उत्तर और मेरठ दक्षिण स्टेशनों पर निरीक्षण किया।
एनसीआरटीसी के मुताबिक दुहाई और मेरठ साउथ स्टेशनों के बीच लगभग 25 किलोमीटर के मार्ग का निर्माणकार्य पूरा हो चुका है।
बयान के मुताबिक इस खंड में अप और डाउन लाइन की कुल लंबाई 50 किलोमीटर है, जिसमें से आधे से ज्यादा हिस्से में पटरियां बिछाई जा चुकी हैं।
इसमें कहा गया, ‘‘स्टेशनों को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है और प्री-फैब्रिकेटेड छत संरचना वर्तमान में निर्माणाधीन है। रैपिडएक्स ट्रेन सेवाओं के संचालन के दूसरे चरण में दुहाई से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच परिचालन होगा।वर्तमान में, 17 किलोमीटर का प्राथमिकता वाला खंड ट्रेनों के संचालन के लिए तैयार है और जल्द इसे यात्रियों के लिए खोला जाएगा।’’
आरआरटीएस गलियारे के तहत साहिबाबाद और दुहाई डिपो के बीच के मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जा रहा है। इस खंड में साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई और दुहाई डिपो सहित पांच स्टेशन आएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY