बेंगलुरू, 27 मई स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने 52.5 करोड़ रुपये की कीमत की 34.89 किलोग्राम हेरोइन जब्त की और नयी दिल्ली से काम कर रहे मादक पदार्थ के एक गिरोह का सरगना बताए जा रहे नाइजीरियाई शख्स के साथ नौ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है।
एनसीबी की बेंगलुरू जोनल ईकाई के अधिकारियों ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर सात किलोग्राम हेरोइन जब्त की, जिसे 24 मई को जिम्बाब्वे से बेंगलुरू हवाईअड्डे पर पहुंची महिला यात्री के एक सूटकेस में छिपाया गया था।
एनसीबी ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि हवाईअड्डे पर महिला को उसके साथी के साथ पकड़ लिया गया। दोनों से पूछताछ की गयी और उन्होंने बताया कि एक ऐसा ही बैग होटल में रखा हुआ है, जहां वे ठहरे थे। जब कमरे की तलाशी ली गयी तो वहां से 6.890 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गयी।
जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत के बारे में पूछने पर एनसीबी अधिकारी ने कहा, ‘‘अच्छी गुणवत्ता वाली हेरोइन की कीमत तकरीबन 52.5 करोड़ रुपये है।’’
यह भी पता चला है कि इतनी ही खेप के साथ तीन और महिला यात्री राजधानी एक्सप्रेस में सवार हुई और बेंगलुरू से दिल्ली रवाना हुईं। एनसीबी के इंदौर दल को यह सूचना दी गयी, जिसने ऐसे ही तीन बैग से 21 किलोग्राम हेरोइन जब्त की और मध्य प्रदेश के इटारसी में एक लॉज से उन्हें गिरफ्तार किया।
ये लड़कियां जिनके इशारों पर काम कर रही थी, उनकी पहचान कर ली गयी और उन्हें यहां हवाईअड्डे पर पकड़ा गया और उन्होंने नाइजीरिया के अपने सरगना और दिल्ली में बैठे अपने आकाओं की जानकारियां साझा की।
एनसीबी के बेंगलुरू दल ने एनसीबी दिल्ली की मदद से नाइजीरियाई शख्स के साथ तीन और अफ्रीकी महिलाओं को पकड़ा।
बयान में कहा गया है, ‘‘एक सूचना के आधार पर एनसीबी बेंगलुरू जोनल ईकाई ने भारत में चल रहे हेरोइन के गिरोह का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ कर दिया।’’ इसमें कहा गया है कि मामले में जांच चल रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY