देश की खबरें | नक्सलियों ने की अपने साथी की हत्या: पुलिस का दावा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बीजापुर, दो अक्टूबर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की पुलिस ने दावा किया है कि जिले में ग्रामीणों की हत्या के आरोपी नक्सली की उसके ही साथी नक्सलियों ने हत्या कर दी है।

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि गंगालुर एरिया कमेटी के प्रभारी और डिविजनल कमेटी मेंबर मोडियाम विज्जा की उसके साथियों ने चितावर गांव के करीब जंगल में गोली मारकर हत्या कर दी है।

यह भी पढ़े | Assam Floods: असम में बाढ़ से एक और की मौत, 2.42 लाख लोग अभी भी प्रभावित.

सुंदरराज ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि बीजापुर जिले में ग्रामीणों की हत्या को लेकर माओवादी संगठन में फूट पड़ गई है। इन घटनाओं को लेकर चितावर के जंगल में गंगालूर एरिया कमेटी के सचिव दिनेश मोडियम और मोडियम विज्जा के बीच विवाद हो गया था।

उन्होंने बताया कि यह भी जानकारी मिल रही है कि माओवादियों ने हत्या के बाद विज्जा का शव आज परिजनों को सौंप दिया है। जिसका उसके गृह ग्राम मनकेली में अंतिम संस्कार कर दिया गया है ।

यह भी पढ़े | Madhya Pradesh By-polls 2020: बीएसपी ने जारी की 10 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, कांग्रेस से BSP में शामिल महेंद्र सिंह बौद्ध को भांडेर से मिला टिकट.

सुंदरराज ने बताया कि विज्जा पर आठ लाख रुपए का इनाम था। विज्जा के खिलाफ बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से ग्रामीणों की हत्या का आरोप है।

उन्होंने बताया कि माओवादियों की हरकतों पर नजर रखी जा रही है तथा इसके बाद की इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि दक्षिण बस्तर के अन्य क्षेत्र में भी माओवादी संगठन में ग्रामीण आदिवासियों से मारपीट, हत्या और अन्य हरकतों को लेकर नक्सलियों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। आतंक के सहारे से चलने वाले माओवादी संगठन का खात्मा होना प्रारम्भ हो रहा है।

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इस जिले में नक्सलियों ने पिछले एक महीने के दौरान तीन पुलिस कर्मियों समेत 12 लोगों की हत्या कर दी है।

जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में नक्सलियों ने कई अन्य लोगों की हत्या की है। हांलकि इन घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सं संजीव

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)