खेल की खबरें | राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग : हरियाणा और महाराष्ट्र जीते

रांची, तीन मई हरियाणा और महाराष्ट्र ने शुक्रवार को यहां राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग 2024-2025 (पहले चरण) के अपने मुकाबलों में 2-1 के समान अंतर से जीत हासिल की।

दिन के पहले मैच में हरियाणा ने मिजोरम को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

हरियाणा के लिए नीलम ने 28वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर पहले हाफ में टीम को बढ़त दिला दी। वानलालरिन्हलुई ने 39वें मिनट में मैदानी गोल कर मिजोरम को बराबरी पर ला दिया।

लेकिन तीसरे क्वार्टर के अंत में पिंकी ने 43वें मिनट में मैदानी गोल कर हरियाणा की जीत सुनिश्चित की।

दिन के दूसरे मुकाबले में बंगाल पर मिली 2-1 की जीत में महाराष्ट्र के लिए ऐश्वर्या दुबे ने 29वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल दागा।

हालांकि यह बढ़त ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी और जमुना एक्का ने 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 कर दिया।

अंतिम क्वार्टर में तनुश्री दिनेश काडू ने 54वें मिनट में मैदानी गोल कर महाराष्ट्र को जीत दिलायी।

अब मणिपुर का सामना ओडिशा से होगा जबकि झारखंड की भिड़ंत मध्य प्रदेश से होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)