देश की खबरें | राष्ट्रीय पार्टियां पंजाब के साथ ईस्ट इंडिया कंपनी के प्रांत जैसा सुलूक करती हैं : शिअद प्रमुख

लुधियाना, चार अप्रैल शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय दलों पर हमला किया और कहा कि वे पंजाब को ईस्ट इंडिया कंपनी का प्रांत मानते हैं और इसे “हड़पना” चाहते हैं।

उन्होंने राज्य में फ्लाईओवर, पुल, सीवरेज सिस्टम या सौंदर्यीकरण परियोजनाओं जैसे प्रमुख बुनियादी ढांचे के कार्यों के बारे में भी बात की और दावा किया कि ये कार्य शिअद कार्यकाल के दौरान हुए थे।

बादल पंजाब के पूर्व मंत्री जगदीश सिंह गरचा के स्वागत समारोह में बोल रहे थे, जो चार साल के अंतराल के बाद बृहस्पतिवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) में लौट आए।

अकाली दल द्वारा पंजाबियों की आकांक्षाओं का सबसे अच्छी तरह प्रतिनिधित्व करते का जिक्र करते हुए बादल ने कहा, “राष्ट्रीय दल पंजाब को ईस्ट इंडिया कंपनी के प्रांत के रूप में मानते हैं और राज्य के लोगों का दिल जीतने की कोशिश करने के बजाय इसे अपने कब्जे में लेना चाहते हैं।”

शिअद के पंजाब के लिये हमेशा खड़े होने का उल्लेख करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारे लिए पंजाब और पंजाबियों के हितों की रक्षा सर्वोपरि है। हम राष्ट्रीय पार्टियों की तरह पंजाब के मूल मुद्दों पर कभी समझौता नहीं कर सकते।”

कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर आप सरकार पर निशाना साधते हुए बादल ने कहा, “मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि एक बार शिरोमणि अकाली दल के सत्ता में लौटने पर कोई भी गैंगस्टर या उनके संरक्षक राज्य में नहीं रहेंगे।”

उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के खतरे को खत्म करना शिरोमणि अकाली दल की पहली प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप के सात वर्षों के शासन के दौरान, शहर को सभी विकास कार्यों में रुकावट का सामना करना पड़ा, यहां तक कि नागरिक बुनियादी ढांचा भी “बदहाल” है।

बादल ने यह भी कहा कि आप और कांग्रेस पंजाब में “छद्म युद्ध” में शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ये दोनों पार्टियां केंद्र में गठबंधन में हैं और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के साथ मंच भी साझा किया था।

उन्होंने कहा, हालांकि, दोनों पार्टियां पंजाब में लोगों को “गुमराह” करने की कोशिश कर रही हैं।

यहां बादल की उपस्थिति में शिअद में फिर से शामिल हुए गारचा ने मार्च 2020 में पार्टी छोड़ दी थी और शिअद (संयुक्त) में शामिल हो गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)