जम्मू, एक मई मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी ने बृहस्पतिवार को आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस देश के साथ मजबूती से खड़ी है और आतंकवाद के खात्मे के लिए केंद्र के कदमों का पूरा समर्थन करती है।
वह जम्मू में शेर-ए-कश्मीर भवन में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने यहां मजदूर वर्ग के कल्याण के लिए पार्टी की "अटूट प्रतिबद्धता" की पुष्टि की।
उन्होंने यहां एनसी कार्यकर्ताओं से कहा, "नेशनल कॉन्फ्रेंस देश के साथ मजबूती से खड़ी है और आतंकवाद को खत्म करने के लिए केंद्र के कदमों का पूरा समर्थन करती है।"
पहलगाम आतंकी हमले पर नासिर असलम वानी ने आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा, "हमारा देश अब सीमा पार आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा और पाकिस्तान को उसके दुस्साहस के परिणाम भुगतने होंगे।"
पहलगाम हमले के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मंत्री सतीश शर्मा ने कहा, "हमें मुंहतोड़ जवाब देना होगा, क्योंकि उन्होंने (आतंकवादियों ने) निर्दोष लोगों की हत्या की है।"
उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला सरकार इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी।
मंत्री सतीश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, "उमर के नेतृत्व वाली सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी मजदूरों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY