देश की खबरें | भ्रष्टाचार मामले में चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद कानूनी परामर्श के लिए नारा लोकेश दिल्ली आए

नयी दिल्ली, 15 सितंबर तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) महासचिव नारा लोकेश आंध्र प्रदेश में कौशल विकास निगम घोटाले में अपने पिता और पार्टी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के संबंध में वकीलों के साथ परामर्श करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे हैं।

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नायडू, विजयवाड़ा की एक अदालत द्वारा नौ सितंबर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद वर्तमान में राजामहेंद्रवरम केंद्रीय कारागार में बंद हैं।

तेदेपा अध्यक्ष ने उच्च न्यायालय में दो याचिकाएं दायर की हैं। एक मामले को रद्द करने की मांग को लेकर और दूसरी जमानत याचिका है। दोनों पर अगले सप्ताह उच्च न्यायालय में सुनवाई होने की संभावना है। विजयवाड़ा की एक अदालत ने 12 सितंबर को तेदेपा प्रमुख द्वारा दायर घर में नजरबंद किए जाने की याचिका को खारिज कर दिया था।

पार्टी के एक सूत्र ने कहा, “नारा लोकेश कल रात दिल्ली आए। वह कानूनी परामर्श के लिए यहां आए हैं।”

बृहस्पतिवार को जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी और तेदेपा आंध्र प्रदेश में अगला चुनाव एक साथ लड़ेंगे। उन्होंने नायडू से मुलाकात के बाद राजामहेंद्रवरम केंद्रीय कारागार के बाहर यह घोषणा की।

इस बीच, तमिल अभिनेता रजनीकांत नायडू के बेटे से मिलने पहुंचे और जेल में बंद उनके पिता का हालचाल पूछा। उन्होंने चंद्रबाबू के साथ उनके जुड़ाव को याद किया और उन्हें एक शानदार मित्र और जुझारू व्यक्ति बताया।

उन्होंने लोकेश को प्रोत्साहन के शब्द भी कहे और उनसे मजबूत बने रहने के लिए कहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)