देश की खबरें | सरकार के कामकाज पर जनता का मूड भांपने के लिए नमो ऐप ने शुरु किया सर्वे

नयी दिल्ली, 19 दिसंबर आगामी लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नमो’ ऐप ने मंगलवार को एक सर्वेक्षण शुरू किया जिसके जरिए उनकी सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों के प्रदर्शन के बारे में लोगों के विचार समेत विभिन्न मुद्दों पर लोगों के मूड का पता लगाया जाएगा।

‘जन मन सर्वेक्षण’ शासन और नेतृत्व के विभिन्न पहलुओं पर लोगों की प्रतिक्रिया मांगता है और इसके सवालों में केंद्रीय स्तर के विकास और उपयोगकर्ता के निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित विशिष्टताएं शामिल हैं।

भाजपा सूत्रों ने कहा कि यह एक अभिनव सर्वेक्षण है, जिसका उद्देश्य ‘जन मन’ (आम आदमी के दिमाग) तक पहुंचना है ताकि ‘दिलचस्प और गेमिटेड’ इंटरफेस के माध्यम से यह पता चल सके कि नागरिकों के दिमाग में क्या है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने हमेशा लोगों तक पहुंचने के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग का समर्थन किया है।

उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण नागरिकों को अपने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में अन्य लोकप्रिय नेताओं की पहचान करने में सक्षम बनाता है क्योंकि सत्तारूढ़ पार्टी को लगता है कि यह भागीदारी प्रक्रिया व्यक्तियों को अपनी राय व्यक्त करने के लिए सशक्त बनाएगी, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक के दृष्टिकोण के महत्व को रेखांकित करती है।

भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘सर्वेक्षण की प्रमुख विशेषताओं में से एक इसका उपयोगकर्ता के अनुकूल होना और प्रश्नों का संक्षिप्त होना है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)