तिरुवनंतपुरम, एक अगस्त केरल में अगड़े नायर समुदाय के संगठन नायर सर्विस सोसाइटी (एनएसएस) ने मंगलवार को अपने सदस्यों से दो अगस्त को ‘आस्था बचाओ दिवस’ के रूप में मनाने का आग्रह किया। यह फैसला राज्य के विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमसीर की हाल में की गई हिंदू देवता पर टिप्पणी को लेकर लिया गया है।
राज्य में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शमसीर के खिलाफ कार्रवाई को लेकर संगठन की मांग को खारिज कर दिया, जिसके एक दिन बाद एनएसएस महासचिव जी सुकुमारन नायर ने संगठन के तालुक संघ अध्यक्षों को एक पत्र लिखकर समुदाय के सदस्यों को पास के भगवान गणेश मंदिरों में पूजा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष की कथित टिप्पणी को दुखद बताया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था कि देवता (भगवान गणेश) एक मिथक हैं और इस विश्वास का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।
नायर ने कहा कि संगठन ने विधानसभा अध्यक्ष से टिप्पणी वापस लेने या सरकार से इस संबंध में कार्रवाई करने का आग्रह किया था लेकिन संबंधित व्यक्तियों ने मामले को महत्व नहीं दिया।
नायर ने पत्र में कहा कि संगठन के कड़े विरोध के तहत दो अगस्त को 'आस्था बचाओ दिवस' के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा, "इस दिन, एनएसएस के सभी सदस्यों और श्रद्धालुओं को अपने नजदीकी भगवान गणेश मंदिरों में जाना चाहिए और अनुष्ठान करना चाहिए। हमारी आस्था की रक्षा को लेकर आशीर्वाद पाने के लिए प्रार्थना भी कर सकते है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY