मुंबई, 23 जुलाई भाजपा सांसद उदयनराजे भोसले ने राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से जुड़े शिवाजी महाराज के विवाद को खत्म करने की अपील करते हुए कहा कि नायडू ने योद्धा राजा का अपमान नहीं किया।
राज्यसभा सदस्य के रूप में बुधवार को शपथ लेने के तुरंत बाद भोसले ने ‘ जय हिंद, जय महाराष्ट्र, जय भवानी, जय शिवाजी’ का नारा लगाया था।
कांग्रेस के विधायक भाई जगताप की ओर से ट्वीट किए गए वीडियो में नायडू को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘’ किसी भी तरह के अन्य नारेबाजी की अनुमति नहीं है।’’
हालांकि यह पूरा मामला जब विवाद में बदल गया तो नायडू ने भी यह स्पष्ट किया कि उनकी मंशा किसी के अपमान की नहीं थी।
दिल्ली में संवादताओं से बात करते हुए भोसले ने कहा कि नायडू ने किसी भी तरह से शिवाजी का अपमान नहीं किया है। भोसले 17वीं शताब्दी के योद्धा राजा शिवाजी के वंशज हैं। भाजपा सांसद ने कहा, ‘’ नायडू ने कहा था कि आप शपथ लें और इसमें किसी तरह की दूसरी बातें न जोड़ें…शपथ के बाद नारेबाजी संविधान के नियम के तहत नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन कुछ लोगों ने इस पर विवाद खड़ा कर दिया। अगर शिवाजी महाराज का अपमान हुआ होता तो, मैं खुद चुप नहीं बैठता। मैं तत्काल उसी क्षण इस्तीफा दे दिया होता।’’
इससे पहले शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा था कि ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना कि ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम’ तथा यह किसी भी संवैधानिक नियम का उल्लंघन नहीं करता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY