मोन (नगालैंड), 20 फरवरी नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के मामले में भगवा पार्टी के साथ गठबंधन में उनकी नेशनल डेमोक्रेटिक पीपुल्स पार्टी (एनडीपीपी) को ‘बड़े भागीदार’ बनाने के भाजपा के फैसले का सोमवार को स्वागत किया।
क्षेत्रीय राजनीतिक दल एनडीपीपी और भाजपा का गठबंधन 40:20 सीट के बंटवारे के नियम पर चुनाव लड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह विश्वास भी जताया कि 60 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन को 45-50 सीट पर जीत मिलेगी।
गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “आपने नगाओं को बड़े भागीदार के रूप में सम्मान दिया है। भाजपा यद्यपि सक्षम है, लेकिन वह 20 सीट पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।”
एनडीपीपी प्रमुख ने कहा, “आपने नगा इतिहास, संस्कृति, परंपरा और एक ईसाई राज्य के रूप में सम्मान किया है और हमें अपने राज्य के मामलों के प्रबंधन की जिम्मेदारी दी है।”
रियो ने यह भी कहा कि राज्य सरकार एक अलग ‘फ्रंटियर नगालैंड’ राज्य की मांग कर रहे ‘ईस्टर्न नगालैंड पीपुल्स ऑर्गनाइजेशन’ (ईएनपीओ) के मुद्दों और मांगों के बारे में अपने फैसले में केंद्र सरकार के साथ भागीदारी करेगी।
नगालैंड विधानसभा के लिए चुनाव 27 फरवरी को है और मतों की गिनती दो मार्च को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY