देश की खबरें | मूसेवाला हत्याकांड : आरोपी गैंगस्टर दीपक टीनू पुलिस हिरासत से फरार, पुलिसकर्मी बर्खास्त

चंडीगढ़, दो अक्टूबर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपियों में शामिल गैंगस्टर दीपक टीनू पंजाब के मानसा जिले में पुलिस हिरासत से फरार हो गया। राज्य पुलिस ने प्रभारी अधिकारी को बर्खास्त करने के साथ ही उसे गिरफ्तार कर लिया है।

टीनू शनिवार रात मानसा पुलिस की ‘क्राइम इंवेस्टीगेशन एजेंसी’ (सीआईए) की इकाई की हिरासत से फरार हो गया, जब उसे एक अन्य मामले में तरनतारन जिले के गोइंदवाल साहिब जेल से पेशी वारंट पर लाया गया था।

पंजाब पुलिस ने कहा कि सीआईए प्रभारी को संविधान के अनुच्छेद 311 के तहत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 222, 224, 225 ए और 120-बी के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि सीआईए प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस बात पर जोर दिया कि कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि टीनू को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम प्रयास कर रही हैं।

इससे पहले 2017 में, विभिन्न राज्यों में हत्या और जबरन वसूली सहित कई मामलों का सामना करने वाला टीनू हरियाणा से एक अन्य गैंगस्टर और अपने सहयोगी की मदद से एक पुलिस अधिकारी की आंखों में मिर्च स्प्रे करने के बाद भाग गया था। बाद में उसी साल दिसंबर में उसे भिवानी पुलिस ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था।

डीजीपी यादव ने ट्वीट किया, ‘‘दीपक टीनू के हिरासत से फरार होने के मामले में पुलिस अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मानसा सीआईए प्रभारी गिरफ्तार... कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस टीम ने आरोपी को फिर से गिरफ्तार करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है।’’

विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर पंजाब में आप सरकार पर निशाना साधा। विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘एक प्रमुख संदिग्ध गैंगस्टर दीपक टीनू, जिसे सिद्धू मूसेवाला मामले में पूछताछ के लिए पकड़ा गया था, सिनेमाई तरीके से मानसा पुलिस की हिरासत से भागने में कामयाब रहा, जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री गुजरात में ‘‘गरबा' करने में व्यस्त हैं।’’

सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर ने सवाल किया कि दीपक टीनू पुलिस हिरासत से कैसे भाग गया और यह भी आरोप लगाया कि गिरफ्तार गैंगस्टर को जेलों में "सुविधाएं" मिल रही हैं। उन्होंने मानसा में सवाल किया, ‘‘कल रात, एक व्यक्ति सीआईए कर्मियों की हिरासत से भाग गया। वह कैसे भाग गया।’’

इससे पहले दिन में इस घटना के बारे में पूछे जाने पर पटियाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) एवं वर्तमान में बठिंडा रेंज आईजी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे मुखविंदर सिंह छीना ने पीटीआई- से फोन पर कहा, ‘‘पुलिस की टीम प्रयास कर रही है और हम उसे जल्द पकड़ लेंगे।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)