देश की खबरें | मुंबई पुलिस सोमवार को गैंगस्टर रवि पुजारी को अपनी हिरासत में लेगी

मुंबई, 20 फरवरी कर्नाटक की एक अदालत से मंजूरी मिलने के बाद मुंबई पुलिस की एक टीम गैंगस्टर रवि पुजारी को सोमवार को हिरासत में लेने के लिए बेंगलुरु रवाना हो गई। यहां एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) मिलिंद भरम्बे ने कहा कि पुजारी को हिरासत में लेने की मुंबई अपराध शाखा की कोशिशों में यह बड़ी कामयाबी है।

पुजारी वर्तमान में कर्नाटक में जेल में बंद है। इससे पहले वह पिछले कई वर्षों से फरार था। उसे पिछले साल फरवरी में दक्षिण अफ्रीका से भारत लाया गया था।

एक अधिकारी ने कहा कि अपराध शाखा का जबरन वसूली निरोधक प्रकोष्ठ पुजारी को 21 अक्टूबर 2016 को विले पार्ले में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार करेगी।

अधिकारी ने बताया कि पुजारी के सात सहयोगी पहले से ही इस मामले में जेल में बंद हैं, जबकि वह फरार था।

मूल रूप से कर्नाटक के उडुपी के रहने वाला पुजारी विदेश से जबरन वसूली का रैकेट चलाता था, जिसमें व्यवसायियों, फिल्मी हस्तियों आदि को निशाना बनाया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)