मुंबई, 20 अगस्त मुंबई पुलिस ने हाल ही में गैर-आवश्यक वाहनों की आवाजाही के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी को लेकर एक ट्वीट जारी किया, जिसको लेकर लोगों ने सवाल पूछना शुरू कर दिया है कि क्या लॉकडाउन अभी भी लागू है या अनलॉक चरण चालू है।
शहर की पुलिस ने मंगलवार रात को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर चेतावनी दी थी कि बिना आवश्यक कारणों से बाहर निकलने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ट्वीट में कहा गया, ‘‘अगर किसी बिना अनुमति वाले और गैर-आवश्यक वाहनों की आवाजाही देखी गई, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और वाहनों को जब्त कर लिया जाएगा। कोविड-19 के खिलाफ मुंबई की लड़ाई की इस महत्वपूर्ण अवधि में यह न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि आपकी सुरक्षा के पक्ष में भी नहीं है।’’
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस संदेश की आलोचना की। कुछ ट्विटर उपयोगकर्ताओं ने पुलिस से आवश्यक और गैर-आवश्यक आवाजाही को वर्गीकृत करने के लिए कहा है।
लोगों ने पुलिस से यह भी पूछा कि क्या लॉकडाउन अभी भी लागू है या अनलॉक चरण चालू है।
ट्विटर पर एक व्यक्ति ने कहा, ‘‘सरकार और पुलिस दोनों इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि क्या करना है और क्या नहीं करना है। यह पूरी तरह से संचार की विफलता है और महामारी के कुप्रबंधन के स्तर को देखते हुए यह अपेक्षित है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY