देश की खबरें | मुंबई : पुलिस थाने में वरिष्ठ अधिकारी से बहस के बाद एपीआई ने कीटनाशक पीया

मुंबई, 30 मई मुंबई के उपनगर स्थित एक पुलिस थाने में वरिष्ठ अधिकारी से बहस के बाद एक सहायक पुलिस निरीक्षक ने कथित तौर पर कीटनाशक पी लिया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार रात को घाटकोपर पुलिस थाने में सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) और वरिष्ठ निरीक्षक के बीच बहस के बाद हुई।

उन्होंने बताया कि एपीआई बालकृष्ण नानेकर की वरिष्ठ निरीक्षक से गर्मा-गर्म बहस हुई और उसने जानना चाहा कि पुणे स्थानांतरित करने का आदेश जारी हुए तीन माह बीतने के बाद भी उसे कार्यमुक्त क्यों नहीं किया जा रहा है।

अधिकारी के मुताबिक इसपर वरिष्ठ निरीक्षक ने कहा कि अगर वह कार्यमुक्त होना चाहते हैं तो दो मामलों की फाइलों को निपटाए। उन्होंने बताया कि इस टिप्पणी से नाराज नानेकर केबिन से बाहर निकला और पुलिस थाना परिसर में ही कीटनाशक पी लिया।

अधिकारी ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी उसे तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले गए और अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बारे में पूछे जाने पर वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ घाटकोपर पुलिस थाने में अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के बीच बहस हुई है। हम घटना को सत्यापित कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)