भोपाल/धार, 12 अगस्त मध्य प्रदेश के धार जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर कारम नदी पर बन रहे एक बांध से बृहस्पतिवार से जारी पानी का रिसाव शुक्रवार सुबह बढ़ने के साथ-साथ इस बांध के टूटने का खतरा पैदा हो गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बांध के निचले क्षेत्र में बसे 18 गांवों को ऐहतियातन खाली कराके लोगों को सुरक्षित स्थानों पर राहत शिविरों में भेज दिया है।
जिन 18 गांवों को खाली कराया है, उनमें से धार जिले के 12 गांव और खरगोन जिले के छह गांव शामिल हैं। धार जिले की धर्मपुरी तहसील में कारम मध्यम सिंचाई परियोजना के तहत निर्माणाधीन इस बांध में लबालब पानी भरा हुआ है। हालांकि, प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने रिसाव रोकने के लिए बृहस्पतिवार से ही कार्रवाई शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के धार जिले सहित अधिकांश हिस्सों में पिछले तीन दिन से रुक-रुककर भारी बारिश हो रही है। निर्माणाधीन बांध में बारिश का अधिक पानी आ जाने से यहां रिसाव और भू-स्खलन हुआ है।
मध्य प्रदेश गृह विभाग के प्रमुख सचिव राजेश राजौरा ने बताया, ‘‘धार जिले की धर्मपुरी तहसील में कारम मध्यम सिंचाई परियोजना के बांध के ‘डाउन स्ट्रीम’ की मिट्टी स्लिप हो जाने से बांध को खतरे की स्थिति शुक्रवार को प्रातः बनी। इस बांध की लम्बाई 590 मीटर और ऊंचाई 52 मीटर है तथा वर्तमान में 1.5 करोड़ घर मीटर (एमसीएम) पानी इस बांध में संचित है।’’
उन्होंने कहा कि आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक इंदौर, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक धार, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर उपस्थित हैं।
राजौरा ने बताया, ‘‘ऐहतियातन धार जिले के 12 गांव और खरगोन जिले के छह गांवों को खाली कराके सुरक्षित स्थानों पर राहत शिविरों में भेज दिया गया है।’’
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) धार और इंदौर की टीम और पड़ोस के थानों का पुलिस बल बचाव कार्य में होम गार्ड तथा राजस्व विभाग के अमले के साथ लगा हुआ है।
राजौरा ने बताया कि वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर और सेना की एक कम्पनी को तैयार रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत भेजा जा सके।
उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग द्वारा बांध को सुरक्षित करने के लिए कार्य किया जा रहा है।
इससे पहले, धार के जिलाधिकारी डॉ. पंकज जैन ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि इस बांध में पहली बार पानी भरा गया है। उन्होंने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न एक बजे सूचना मिली थी कि बांध से पानी का रिसाव हो रहा है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया है और इस रिसाव को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY