भोपाल, 24 दिसंबर मध्यप्रदेश की भोपाल पुलिस ने नशीली दवा ‘मेफेड्रोन’ की तस्करी के मामले में 57 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। भाजपा ने दावा किया कि गिरफ्तार किया गया यह व्यक्ति कांग्रेस का पदाधिकारी है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि वह पार्टी का पदाधिकारी नहीं है।
अयोध्या नगर पुलिस थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने शनिवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर हमने हमीद खान (57) नाम के एक व्यक्ति को यहां 15 ग्राम मेफेड्रोन’ या ‘एमडी’ की तस्करी के मामले में बुधवार को गिरफ्तार किया और अगले दिन स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि उसने यह ‘मेफेड्रोन’ यहां ट्रांसपोर्ट नगर से खरीदा था और ट्रांसपोर्ट नगर में किसी व्यक्ति द्वारा इस नशीले पदार्थ को लाया गया था।
अवस्थी ने कहा कि इस मेफेड्रोन की बाजार में कीमत करीब डेढ़ लाख रूपये है।
उन्होंने कहा कि वह इस मेफेड्रोन को एक कार में ले जा रहा था। पुलिस ने इस कार को भी जब्त कर लिया है।
जब उनसे सवाल किया गया कि क्या खान कांग्रेस का नेता है, तो इस पर उन्होंने कहा कि इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
इसी बीच, भोपाल जिले के हुजूर विधानसभा सीट के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने ट्वीट कर दावा किया कि नशे के साथ पकड़े गये खान किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हैं।
हालांकि, भाजपा नेता के दावे के बारे में पूछे जाने पर, मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने कहा, ‘‘जो अपराध करता है वह अपराधी है और कानून को अपना काम करना चाहिए। पार्टी के लाखों कार्यकर्ता हैं। मैं केवल इतना कह सकता हूं कि वह कांग्रेस में पदाधिकारी नहीं है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY