देश की खबरें | मप्र सरकार नकदी के परिवहन में शामिल सुरक्षा एजेंसियों के लिए दिशा निर्देश जारी करेगी

भोपाल, 25 अप्रैल मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि बैंकों और एटीएम के लिए नकदी के परिवहन में शामिल निजी सुरक्षा एजेंसियों के लिये राज्य सरकार दिशा निर्देश जारी करेगी।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इस तरह के दिशा निर्देश नकदी ले जाने वाली वैन की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे और लूट की घटनाओं को रोकने में मददगार होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों की सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित कर्मियों को ही तैनात किया जा सकेगा।

मिश्रा ने कहा, “राज्य सरकार निजी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा नकदी के परिवहन के लिए दिशानिर्देश जारी करेगी। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि ऐसी निजी सुरक्षा एजेंसियों को अपने सुरक्षा कर्मियों के प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

मंत्री ने कहा कि नकदी ले जाने वाले वाहनों की जीपीएस के जरिए निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से डिजाइन किए गए वाहनों को ही नकद राशि ले जाने के लिए अनुमति दी जाएगी।

मिश्रा ने कहा कि ये उपाय नकदी ले जाने वाली वैन की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे और लूट की घटनाओं को रोकेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)