इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 दिसंबर शहर में लावारिस हालत में मिले विदेशी नस्ल के मकाऊ तोते पर अलग-अलग लोगों के दावे के बाद प्रशासन ने विवाद का निपटारा होने तक इस आकर्षक पंछी को स्थानीय चिड़ियाघर में रखने का फैसला किया है। चिड़ियाघर के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
चिड़ियाघर के प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने संवाददाताओं को बताया, "ऐसा लगता है कि ब्लू एंड गोल्ड प्रजाति का विदेशी मकाऊ तोता शहर के किसी व्यक्ति का पालतू था और मौका मिलने पर वह उड़कर उसके घर से भाग निकला।"
उन्होंने बताया कि हाल ही में लावारिस हालत में मिले विदेशी नस्ल के मकाऊ तोते के बारे में अलग-अलग लोगों ने दावा किया है कि वह उनका पालतू पंछी है।
यादव ने बताया, "विवाद बढ़ने पर पुलिस और वन विभाग को मकाऊ तोते के बारे में खबर दी गई। तोते को बचाकर चिड़ियाघर लाया गया है। कुछ लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की थी, इसलिए वह तनाव में दिखाई दे रहा है।"
उन्होंने बताया कि मकाऊ तोते के असली मालिक का पता चलने तक उसे चिड़ियाघर के सुरक्षित माहौल में रखा जाएगा।
चिड़ियाघर प्रभारी ने बताया कि विदेशी प्रजाति के तोते को खुले में नहीं छोड़ा जा सकता क्योंकि स्थानीय पशु-पक्षियों से उसे जान का खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा, "जो व्यक्ति मकाऊ तोते के वैध दस्तावेज हमारे सामने पेश करेगा, हम तय प्रक्रिया के तहत उसे ही यह पंछी सौंपेगे।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY