इंदौर (मध्यप्रदेश), 24 जुलाई इंदौर में परिवारवालों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह करने वाले युवा दंपति के शव सोमवार को संदिग्ध हालात में एक होटल के कमरे से बरामद किए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
भंवरकुआं पुलिस थाने के प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि रिंग रोड के एक होटल के कमरे में राहुल वर्मा (22) का शव पंखे से बंधे फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी नंदिनी सोलंकी (20) का शव बिस्तर पर पड़ा था।
उन्होंने बताया कि युवा दंपति ने 22 जुलाई को होटल में किराये पर कमरा लिया था और कमरे से बदबू आने पर होटल के कर्मचारियों ने सोमवार को पुलिस को सूचना दी जिसके बाद दंपति के आंशिक रूप से सड़े शव बरामद किए गए।
चौरसिया ने बताया कि राहुल और नंदिनी ने करीब डेढ़ साल पहले अपने परिवारों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था, लेकिन कुछ समय बाद अलगाव के चलते नंदिनी अपने मायके में रह रही थी।
उन्होंने बताया कि युवा दंपति के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
चौरसिया ने बताया,‘‘पहली नजर में लगता है कि राहुल ने फांसी लगा कर आत्महत्या की, जबकि नंदिनी की मौत की वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी।’’
थाना प्रभारी ने बताया कि दंपति की संदिग्ध हालात में मौत को लेकर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY