देश की खबरें | मप्र : दंगा प्रभावित खरगोन में कर्फ्यू में दो घंटे की ढील

खरगोन, 15 अप्रैल मध्य प्रदेश के दंगा प्रभावित खरगोन में शुक्रवार को लोगों को आवश्यक सामान खरीदने की सुविधा प्रदान करने के लिए कर्फ्यू में दो घंटे की ढील दी गई।

खरगोन की जिलाधिकारी अनुग्रह पी ने कहा कि रामनवमी समारोह के दौरान शहर में दंगे भड़कने के बाद रविवार शाम को लगाए गए कर्फ्यू में शुक्रवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक ढील दी गई।

उन्होंने कहा कि हालांकि ढील की अवधि में लोगों को वाहनों का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी गई जिससे लोगों ने आस पास की दुकानों से खरीददारी की।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय निवासियों को खरीददारी की सुविधा प्रदान करने के लिए केवल दूध, सब्जी, मेडिकल और राशन की दुकानों को दो घंटे तक खुले रहने की अनुमति दी गई।

जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने कहा कि शहर की कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है तथा आगे स्थिति के आधार पर कर्फ्यू में और ढील दी जाएगी।

काशवानी ने कहा कि हिंसा के सिलसिले में अब तक 41 मामले दर्ज किए गए हैं और 144 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रविवार को खरगोन में रामनवमी के जुलूस पर पथराव के बाद आगजनी और हिंसा की घटनाएं हुई थी।

हिंसा के दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी को पैर में गोली लगी थी। चौधरी के अवकाश पर होने के कारण काशवानी को कार्यवाहक एसपी नियुक्त किया गया है।

सं दिमो

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)