सतना, 25 नवंबर मध्य प्रदेश के सतना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी को एक किशोरी से कथित तौर पर मारपीट और उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने आरोपी की पहचान कल्याण सिंह के रूप में की है जो सोहावल का भाजपा मंडल अध्यक्ष है। सोहावल जिले के रायगांव विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह परिहार ने कहा, ‘‘शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 17 वर्षीय पीड़िता को अपने चार-पहिया वाहन में यह कहकर ‘लिफ्ट’ दी कि वह उसे कॉलेज तक छोड़ देगा लेकिन वाहन के अंदर कल्याण ने कथित रूप से अश्लील हरकत शुरू कर दी।’’
उन्होंने कहा कि छात्रा ने शोर मचाया और वाहन के रुकने के बाद किसी तरह भागी। उन्होंने बताया कि कॉलेज पहुंचने पर किशोरी ने अपने परिवार के सदस्यों को आपबीती सुनाई जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
परिहार ने कहा कि कल्याण पर भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच, भाजपा के सतना जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि घटना सामने आने के बाद पार्टी के सोहावल मंडल अध्यक्ष कल्याण को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY