देश की खबरें | ज्यादातर ‘एग्जिट पोल’ के आंकड़े असल नतीजों से बेमेल, ‘एक्सिस’ का अनुमान सटीक रहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद आए ज्यादातर ‘एग्जिट पोल’ (चुनाव बाद सर्वेक्षण) के आंकड़े असल नतीजों से मेल नहीं खाते, हालांकि ‘एक्सिस माई इंडिया’ का अनुमान दोनों प्रदेशों में सटीक रहा।
नयी दिल्ली, 23 नवंबर महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद आए ज्यादातर ‘एग्जिट पोल’ (चुनाव बाद सर्वेक्षण) के आंकड़े असल नतीजों से मेल नहीं खाते, हालांकि ‘एक्सिस माई इंडिया’ का अनुमान दोनों प्रदेशों में सटीक रहा।
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सत्तारूढ़ ‘महायुति’ राज्य की 288 सीटों में से 231 सीटें जीत सकती है, जबकि कांग्रेस-शिवसेना (उबाठा)-राकांपा (एसपी) गठबंधन केवल 47 सीटों पर सिमट कर रह गया है।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रात आठ बजे के आंकड़ों के अनुसार, 81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा में भाजपा 21 सीटों पर जीत चुकी है या बढ़त बनाए हुए है, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) 34, कांग्रेस 16, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन ने एक सीट पर जीत दर्ज की है या आगे है। इस तरह झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन की कुल सीटों की संख्या 56 हो गई है।
‘एक्सिस माई इंडिया’ के एग्जिट पोल में कहा गया था कि महाराष्ट्र में महायुति को 178 से 200 सीटें मिल सकती हैं, वहीं एमवीए को सिर्फ 82 से 102 सीट ही मिलने की संभावना है।
उसने झारखंड में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार की वापसी का अनुमान जताया था। उसका आकलन था कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन को 81 में से 53 सीट, जबकि भाजपा नीत राजग को 25 सीट मिल सकती हैं।
महाराष्ट्र में मतदान के बाद बुधवार शाम को आए अधिकतर एग्जिट पोल में महायुति की जीत का अनुमान जताया गया था।
महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीट पर बुधवार को मतदान हुआ। मतगणना 23 नवंबर को हुई।
महाराष्ट्र में भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के गठबंधन ‘महायुति’ तथा कांग्रेस, शिवसेना (उबाठा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) के बीच मुकाबला था
‘टुडेज चाणक्य’ का अनुमान था कि महायुति 175 सीट हासिल करके अपनी सत्ता बरकरार रखेगी, जबकि एमवीए को 100 सीट से ही संतोष करना होगा।
इस एग्जिट पोल में अनुमान जताया गया था कि महायुति की प्रमुख घटक भाजपा अकेले 100 सीट का आंकड़ा पार सकती है।
दैनिक भास्कर के सर्वेक्षण में महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी को बढ़त का अनुमान जताया गया था। इस सर्वेक्षण में कहा गया था कि महा विकास आघाडी को 135 से 150 सीट तथा सत्तारूढ़ महायुति को 125 से 140 सीट मिल सकती हैं।
‘मैट्रिज’ के सर्वेक्षण का आकलन था कि महाराष्ट्र में महायुति को 150-170 तथा एमवीए को 110-130 सीट मिल सकती हैं।
‘लोकशाही मराठी-रुद्र’ के सर्वेक्षण में कहा गया था कि महाराष्ट्र में महायुति 128-142 सीट हासिल करके सत्ता में बरकरार रह सकती है। एमवीए को 125-140 सीट तथा अन्य को 18-23 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया था।
‘पी-मार्क’ के एग्जिट पोल में अनुमान लगाया गया था कि महायुति को 137-157 तथा एमवीए को 126-146 सीट हासिल हो सकती हैं।
‘पीपुल्स पल्स’ के सर्वेक्षण का आकलन था कि महायुति 175-195 सीट हासिल करके प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। वहीं, एमवीए को 85-112 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया था।
‘मैट्रिज’ के एग्जिट पोल में कहा गया था कि झारखंड में भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 42-47 सीट हासिल करके अपनी सरकार बनाएगा तथा सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन को 25-30 सीट से संतोष करना पड़ेगा।
‘पीपुल्स पल्स’ के सर्वेक्षण का अनुमान था कि झारखंड में राजग को 44-53 सीट तथा ‘इंडिया’ गठबंधन को 25-37 सीट हासिल हो सकती हैं।
‘चाणक्य स्ट्रैटजीज’ के एग्जिट पोल में अनुमान जताया गया था कि झारखंड में राजग को 45 से 50 सीट तथा इंडिया गठबंधन को 35 से 38 सीट मिल सकती हैं।
दैनिक भास्कर के एग्जिट पोल ने झारखंड में कांटे की टक्कर का अनुमान जताया था। उसका आकलन है कि भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 37 से 40 सीट तथा ‘इंडिया’ गठबंधन को 36 से 39 सीट मिल सकती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 23, 2024 08:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

