देश की खबरें | आंध्र प्रदेश में 'योगांध्र' कार्यक्रम के लिए एक करोड़ से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया

अमरावती, 31 मई अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले आंध्र प्रदेश में महीने भर चलने वाले अभियान 'योगांध्र' के लिए एक करोड़ से अधिक लोगों ने अपना पंजीकरण कराया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।

'योगांध्र' के तहत तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार 29 मई से योग के बारे में जागरूकता पैदा करेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 जून को विशाखापत्तनम में योग दिवस समारोह में भाग लेंगे।

स्वास्थ्य विभाग के एक बयान में कहा गया है कि योगांध्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुरूआती 10 दिनों में ही योगाभ्यास करने वाले एक करोड़ से अधिक लोगों ने अपना पंजीकरण करा लिया है।

महीने भर चलने वाले 'योगांध्र' कार्यक्रम के दौरान दो करोड़ पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया था, जबकि शुक्रवार रात तक 1.13 करोड़ लोगों ने पंजीकरण के लिए स्वेच्छा से आवेदन किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून को) से पहले राज्य भर में बड़े पैमाने पर योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)