जम्मू, 30 जुलाई पुंछ स्थित बुड्ढा अमरनाथ यात्रा के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच 900 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक और जत्था शनिवार को जम्मू के आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कोविड -19 महामारी के कारण दो साल के अंतराल के बाद शुक्रवार को बुड्ढा अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू हुई।
उन्होंने बताया कि 763 पुरुषों, 185 महिलाओं और चार बच्चों सहित 950 तीर्थयात्रियों का एक जत्था 22 वाहनों के जरिये जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से कड़ी सुरक्षा के बीच तीर्थस्थल के लिए रवाना हुआ।
इस यात्रा का समापन पुंछ में श्री दशनाम अखाड़ा मंदिर से ‘छड़ी मुबारक’ के प्रस्थान के साथ आठ अगस्त को होगा।
भगवान शिव को समर्पित बाबा बुड्ढा अमरनाथ मंदिर को ‘चट्टानी बाबा अमरनाथ मंदिर’के नाम से भी जाना जाता है। यह जम्मू के उत्तर पश्चिम में करीब 290 किलोमीटर की दूरी पर है।
अधिकारियों के अनुसार यात्रा के सफल संचालन के लिए उसके मार्ग की बहुस्तरीय सुरक्षा सुनिश्चित की गयी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY